गाजे बाजे संग निकली भगवान सहस्त्रबाहु की शोभायात्रा
झांसी। रविवार को भगवान राज राजेश्वर सहस्त्रबाहु की जयंती धूमधाम और उत्साह से मनायी गई। शंकर सिंह का बगीचा स्थित सहस्त्रबाहु मंदिर में कलचुरी कलवार समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से अभिषेक, श्रृंगार हुआ और वैदिक मंत्रों के बीच पूजा अर्चना की गई। मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका जगह - जगह लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
कलचुरी कलवार संवर्गीय महासभा बुंदेलखंड झांसी द्वारा मंदिर से शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ निकाली गई, जो बिजौली में सहस्त्रबाहु धाम पर पहुंची। इसमें महिलाएं मंगल कलश लिए थीं। वहीं, अन्य श्रद्धालु कलचुरी एकता के उद्घोष कर रहे थे। भगवान सहस्त्रबाहु और अन्य देवी देवताओं के स्वरूप शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। इससे पहले मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वीरेंद्र राय, अध्यक्ष नितेंद्र राय, हरीराम महाजन ने समाज के वरिष्ठ सदस्यों व समाजसेवियों क ो सम्मानित किया। इस अवसर पर सुमन राय, महामंत्री निहाल चंद्र शिवहरे, मीरा राय, मालती शिवहरे, नीरा शिवहरे, स्नेहा राय, केश गुप्ता, भरत राय, राहुल राय, महेशराय, जगमोहन महाजन, अशोक चौकसे, चंद्र प्रकाश राय, ओम प्रकाश राय, राजेश महाजन आदि मौजूद रहे। इधर, शोभायात्रा का स्वागत बड़ा बाजार व्यापार मंडल ने रामलीला मंच के समीप किया। अध्यक्ष राधे राय, शिवम राय, पूर्व पार्षद अरुण द्विवेदी, संजय दोसाज ने श्रीराम दरबार, श्री शिव परिवार, सूर्य, चंद्र देव सहित अन्य देवताओं के स्वरूपों का तिलक किया। इधर, क्षत्रिय कलचुरी कलवार महासंघ के अध्यक्ष अजीत राय, रामस्वरूप राय, शालिगराम राय, मुरली राय, संजय राय, रामेश्वर राय आदि ने सहस्त्रबाहू मंदिर में महाअभिषेक कर महाआरती की। हवन कुंड में आहुतियां भी अर्पित कीं।
इधर, कलचुरी कलवार सर्ववर्गीय समाज की ओर से सीपरी में कलचुरी समाज का नवीन विश्रामालय का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक अवध बिहारी महाजन ने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा व इंटरव्यू देने के लिए इस विश्रामालय में ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही मेडिकल में इलाज कराने आए रोगियों के तीमारदारों को भी ठहरने के लिए नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रमेश चंद्र राय, हरीराम महाजन, भारत भूषण राय, जिलाध्यक्ष हृदेश राय, सुदर्शन शिवहरे, नरेश महाजन राम मिलन राय, बबलू राय आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों का भी सम्मान किया गया।