झांसी। पसंद की लड़की से शादी न होने से नाराज एक युवक ने शनिवार सुबह बिजौली के पास दिल्ली-मुंबई रेल लाइन पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची
प्रेमनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेमनगर थाना इलाके के तिवारी का हाता निवासी युवराज सिंह बुंदेला (24) पुत्र परमाल सिंह पढ़ाई पूरी करके रोजगार की तलाश कर रहा था। पुलिस का कहना है कि युवराज एक युवती से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था। युवती सरकारी नौकरी में है इसलिए युवती के परिजन इस विवाह के लिए राजी नहीं थे। युवराज ने रिश्तेदारों की मदद से दबाव भी डलवाया, लेकिन लड़की के परिजन राजी नहीं हुए। इसको लेकर युवराज कई दिनों से काफी परेशान था। शनिवार सुबह करीब आठ बजे युवराज परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकल गया। यहां से वह दिल्ली-मुंबई रेल लाइन पहुंचा। उसी समय आ रही एक ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की जानकारी प्रेमनगर पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जेब से मिले परिचय पत्र के जरिए उसकी पहचान हुई। पुलिस ने उसके घर वालों को सूचना दी। युवराज की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।