झांसी। गाज गिरने से झुलसी महिला की रविवार को इलाज के दौरान महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है। मृतका सात माह की गर्भवती थी। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
टीकमगढ़ जिले के चंदेरा क्षेत्र के काहिरा गुढ़ा गांव निवासी नीरज कुशवाहा की चार साल पहले शादी गीता देवी (25) के साथ हुई थी। उनके दो साल का एक बेटा है और गीता देवी सात माह की गर्भवती थीं। शनिवार की शाम गांव में तेज बारिश हुई। घर की नाली में कचरा जमा होने की वजह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी। गीता देवी कचरा निकालकर बाहर फेंकने चली गईं। जैसे ही वो एक पेड़ के नीचे से गुजरीं, उसी समय गाज गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां उनकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।