मऊरानीपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई के तत्वावधान में स्थानीय विधिक क्लासेज में स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार एवं साहित्यकार गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर विचार संगोष्ठी और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
तहसील संयोजक कार्तिक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जी का जीवन निरंतर अध्ययन, सीखने की लगन और सामाजिक संवेदनशीलता की प्रेरणा देता है। नगर अध्यक्ष देवेंद्र अरजरिया ने कहा कि उन्होंने समाचार पत्र ‘प्रताप’ के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना जगाई और अपनी लेखनी से अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों का विरोध किया।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रसेवा और पत्रकारिता के उच्च मूल्यों से जोड़ना रहा। इस दौरान प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र पटेल सहित एबीवीपी कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।