मऊरानीपुर। स्थानीय बस स्टैंड पर बुधवार शाम छतरपुर से झांसी जा रहे अमृतसर के सराफा व्यापारी के ज्वेलरी और नकदी से भरे दो बैग चोरी हो गए। व्यापारी कीरत सिंह के मुताबिक, बैग में करीब पांच करोड़ रुपये कीमत की ज्वेलरी और 15 लाख रुपये नकद रखे थे। यात्रियों के उतरने-चढ़ने के दौरान हुई भीड़ का फायदा उठाकर संदिग्ध बैग लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। संदिग्ध चार पहिया वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि, ज्वेलरी की वास्तविक कीमत और नकदी की मात्रा की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कीरत सिंह ने बताया कि अमृतसर में उनकी ‘मोर्डन ज्वैलर्स’ के नाम से दुकान और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है। वह ऑर्डर पर तैयार ज्वेलरी छतरपुर, महोबा, मऊरानीपुर, ग्वालियर और दिल्ली समेत विभिन्न शहरों में पहुंचाते हैं। बुधवार को वह अपने साथी रामेश्वर के साथ निजी बस से छतरपुर से झांसी जा रहे थे। उनके पास ज्वेलरी और नकदी से भरे दो बैग थे।
शाम करीब 5:50 बजे बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पहुंची। इस दौरान यात्रियों के उतरने और चढ़ने से भीड़ हो गई। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात लोग दोनों बैग लेकर भाग निकले। व्यापारी के साथी के मुताबिक, संदिग्ध बैग लेकर चार पहिया वाहन से फरार हुए।
सराफा व्यापारियों ने की जल्द खुलासे की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश बिलाटिया के साथ अनिल सोनी, अरविंद अग्रवाल और जगदीश अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से घटना का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की। व्यापारियों का आरोप था कि घटना के चार घंटे बाद तक पुलिस पूछताछ ही कर रही थी और मामला दर्ज नहीं किया गया था।
घटना संज्ञान में है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। शुरुआती जांच में मध्य प्रदेश के अलीपुर टोल के पास से एक संदिग्ध चार पहिया वाहन का नंबर मिला है। उसके आधार पर जांच की जा रही है। ज्वेलरी की वास्तविक कीमत और नकदी की मात्रा की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। - रत्नेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी