फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीजल बेचते समय टैंकर में लगी आग, दो झुलसे

Wed, 16 Dec 2015 01:10 AM IST
ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। मंगलवार को चोरी से डीजल बेचते समय हुए शार्ट सर्किट के कारण डीजल टैंकर में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में जहां चालक का हाथ झुलस गया, वहीं एक अन्य युवक भी जल गया। आग से टैंकर का अगला हिस्सा जल कर नष्ट हो गया।
विज्ञापन


गनीमत रही कि आग टैंकर के केबिन से डीजल की टंकी तक नहीं पहुंच सकी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से तेल के गोरखधंधे का भी खुलासा हो गया। इस मामले में पुलिस ने टैंकर चालक व डीजल खरीदने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलवार को पूर्वाह्न गुरसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ोरी निवासी चालक इदरीश पुत्र इमाम अंबावाय स्थित ऑयल डिपो से डीजल टैंकर नंबर (यूपी 93 ई 3518) को लेकर झांसी आ रहा था। उसके साथ क्लीनर दयाशंकर भी था।

पुलिस के अनुसार इदरीश टैंकर से डीजल चोरी करके करारी में रहने वाले संतोष को बेचता था। इसी कारण उसने करारी स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने रहने वाले संतोष प्रजापति के घर के पास टैंकर को खड़ा कर दिया। टैंकर को स्टार्ट रखा गया। टैंकर से तेल निकालने की तैयारी चल ही रही थी कि शार्ट सर्किट से चालक के केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
विज्ञापन


इसे देख वहां हड़कंप मच गया। डीजल टैंकर में आग लगने की खबर तेजी से फैली, जिससे करारी में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। इस बीच संतोष के साले मुकेश प्रजापति ने आग को बुझाने का प्रयास किया तो वह भी आग की चपेट में आने से झुलस गया। सूचना मिलने पर सीपरी बाजार थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने टैंकर तक आग पहुंचने से पहले ही उस पर काबू पा लिया।

इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो एक- एक कर राज खुलना शुरू हो गए। पुलिस ने संतोष के घर के अंदर एक कमरे में रखे आधा दर्जन खाली ड्रम व कई लीटर डीजल बरामद कर लिया। सीपरी बाजार थाना पुलिस ने ग्रासलैंड चौकी प्रभारी राशिद की तहरीर पर टैंकर चालक व तेल खरीदने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस भी कठघरे में
करारी में रहने वाला संतोष जिस तरह चोरी के डीजल का गोरखधंधा कर रहा था, उससे लगता है कि पुलिस को इस धंधे की जानकारी थी। पुलिस की मदद के बिना खुलेआम इस तरह तेल का कारोबार करने की कोई हिम्मत नहीं जुटा सकता है।

मालूम हो कि करारी स्थित कांशीराम आवासीय कालोनी के एक क्वार्टर में भी पिछले दिनों मालगाड़ी टैंकर से चुराए गए डीजल में आग लग गई थी, मगर कारोबारियों ने खुद ही आग बुझा ली थी। इस कारण यह मामला उजागर नहीं हो सका था। हालांकि, मामला चर्चा में आने के बाद कारोबारियों ने अड्डे को बदल दिया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें