जिले के परिषदीय विद्यालयों में बारिश का पानी सहेजा जाएगा।
- फोटो : ???? ????
स्कूलों में सहेजा जाएगा बारिश का पानी
झांसी। जनपद के परिषदीय स्कूलों में अब बारिश का पानी सहेजा जाएगा। जिले के 1452 स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तैयार होंगे। इसके लिए लघु सिंचाई विभाग कार्य योजना बना चुका है।
विद्यार्थियों को वर्षा जल संरक्षण का महत्व पता चले साथ ही बरसात के पानी का संरक्षण हो तथा जमीन में वाटर लेवल ठीक बना रहे। इसके लिए शासन और प्रशासन की समय-समय पर कई योजनाएं क्रियान्वित हुई हैं। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के कई ऐसे स्कूल हैं। जहां जलस्तर काफी कम है और पानी की समस्या बनी रहती है। हालांकि जानकारी के अनुसार करीब 10 वर्ष पूर्व कई परिषदीय स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तैयार किए गए थे। अब एक बार फिर से सभी परिषदीय स्कूलों में तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि जून के आखिरी सप्ताह तक मानसून आने की पूरी संभावना है। ऐसे में अभी तक कार्य योजना बनाकर उसे शासन को मंजूरी के लिए भेजा जाना, योजना की सार्थकता कितनी सिद्ध होगी यह आगे ही पता चल पाएगा। परिषद के जिला समन्वयक निर्माण रमेश पहारिया ने बताया कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए स्कूलों की सूची लघु सिंचाई विभाग को दे दी गई है।