संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। ग्राम चिरगांव खुर्द में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से राजकीय हाईस्कूल का भवन तैयार हो गया है। विद्यालय तक पक्की सड़क न होने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को परेशानी हो रही है। बरसात में कच्चा रास्ता कीचड़ और जलभराव से भर जाता है।
इससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, भवन बनने से गांव के बच्चों को दूर के विद्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा। हालांकि, सुगम आवागमन की व्यवस्था न होने से भवन का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। बारिश में विद्यालय के आसपास पानी भर जाता है और रास्ता दलदल बन जाता है। अभिभावकों ने बताया कि खराब रास्ते से छात्र-छात्राओं के कपड़े गंदे होते हैं। उनके फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने विद्यालय तक डामर सड़क बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत से विद्यालय तक पक्की सड़क बनवाने की मांग की है। स्थानीय गयाप्रसाद, उत्तम वर्मा प्रधान प्रतिनिधि, नीलेश कुशवाहा पूर्व प्रधान, साजन चौधरी, कैलाश अहिरवार, बालजी गुर्जर, वृषभान सिंह गुर्जर, बल्ली अहिरवार, अजय कुमार वर्मा आदि ने सड़क निर्माण की मांग उठाई है।