बरुआसागर में ‘नशा मुक्त भारत रन 2026’ का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। फिजिकल एजुकेशन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ने मंगलवार को ‘नशा मुक्त भारत–विकसित भारत रन 2026’ का आयोजन किया। यह दौड़ सुबह पांच बजे परान के मैदान बस स्टैंड बरुआसागर से शुरू हुई। इसमें स्कूल, इंटर कॉलेज और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और दिव्यांग खिलाड़ी भी इस आयोजन का हिस्सा बने।
यह रन 1, 2 और 3 किलोमीटर की दूरी के लिए आयोजित की गई थी। रन परान के मैदान से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास से मुख्य बस स्टैंड रोड होते हुए गुल्लौर तक गई। प्रतिभागी गुल्लौर से वापस परान के मैदान पहुंचे, जहां रन का समापन हुआ। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाकर खेल, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना था। इस दौरान निबंध, कला और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं और रन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर एमएलसी रमा निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह, जिला मंत्री मीनू राजावत, नगरपालिका अध्यक्ष सुशीला कुशवाहा, सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सबबनबाद, बीएसए जितेंद्र सिंह गौड़, क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, आरपी निरंजन, हैप्पी चावला, सुशील कुशवाहा, अशोक अग्रवाल, महेश परिहार, देवेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।