भोपाल सांसद ने कहा कि आजादी के बाद से देश में ऐसा हिंदू विरोधी माहौल तैयार किया गया, जिसमें हिंदू के पक्ष में आने वाला बयान विवादित करार दिया जाता है। कहा कि एक वो सत्ता थी, जिसने देश को खंड-खंड कर दिया। अब वो सत्ता है, जो अखंड भारत बना रही है। कश्मीर से धारा 370 हटा दी गई है। अब बस पाक अधिकृत कश्मीर बाकी है। वो भी हो जाएगा, ये संकल्प है।
आरएसएस का जिक्र करते हुए भोपाल सांसद बोलीं कि संघ पर तीन-तीन बार प्रतिबंध लगाया गया। दरअसल, वो संघ नहीं, बल्कि उस विचारधारा को प्रतिबंधित करना चाहते थे, जो देश के प्रति निष्ठा और समर्पण को प्रोत्साहन देती है। संघ ने कभी संविधान को नहीं तोड़ा। उन्होंने सागर में हुई दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मगर इस घटना पर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि वह पीड़िता से जाकर राखी बंधवाएंगे। ये वही लोग हैं, जो कांग्रेस के शासनकाल में एक बार दुष्कर्म होने पर 20 हजार और दो बार दुष्कर्म पर 40 हजार रुपये देकर मामला रफा-दफा करा देते थे।
इस दौरान केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व जाति-धर्म के बंधन से ऊपर उठकर है। कार्यक्रम में विभाग संघ चालक शिवकुमार भार्गव, महानगर संघ चालक सतीश शरण अग्रवाल, विभाग प्रचारक अखंड प्रताप, सह विभाग कार्यवाह चौधरी धर्मेंद्र सिंह, महानगर कार्यवाह डॉ. मुकुल पस्तोर, महानगर प्रचारक सक्षम, सांसद अनुराग शर्मा, मेयर बिहारीलाल आर्य, रवींद्र शुक्ल, कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय, जयपाल, ललित गुप्ता, जयदेव पुरोहित, भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, पुरुषोत्तम स्वामी, संजय दुबे, गोकुल दुबे, संजीव बुधौलिया मौजूद रहे।
कांग्रेस ने भगवा आतंकवाद देश घोषित करने का रचा कुचक्र
प्रज्ञा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में भगवा को आतंकवाद कहने का षड़यंत्र रचा गया। देश को भगवा आतंकवाद देश घोषित करने का कुचक्र रचा गया। उस कुचक्र में उन्हें और संघ के लोगों को फंसाने का प्रयास किया गया। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि संघ उस समय सिमी पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहा था। कांग्रेस की सोच थी कि इस देश को भगवा आतंकवाद घोषित करवा लो, फिर इटली का शासन यहां भी हो जाएगा और सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बना लेंगे।