अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मध्य प्रदेश के दतिया निवासी एमबीए पास युवक ने नौकरी न मिलने से दुखी होकर फांसी लगा ली। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
दतिया के भांडेर थाना के सैंतोल गांव निवासी प्रवेश प्रजापति (35) पुत्र कामता प्रजापति ने दो साल पहले एमबीए किया हुआ था। उसके बाद से वह बेरोजगार था। परिवार में पत्नी समेत दो बेटे हैं। नौकरी न मिलने की वजह से वह काफी परेशान था। परिजनों के मुताबिक बुधवार को प्रवेश ने बाथरूम के अंदर बिजली के तार से फांसी लगा ली। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया, तब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से आवाज न आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। प्रवेश के वजन से तार टूटा गया था। वह नीचे गिरकर अचेत पड़ा था। परिजन उसे लेकर आनन-फानन में झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।