बबीना। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें जो झांसी से ललितपुर को जाती हैं नियम अनुसार उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों व कस्बे से होकर गुजरने के निर्देश हैं परंतु नियमों को ताक पर रखकर यह बसें बबीना हाईवे बाईपास से होकर गुजर रही हैं। इससे यात्रियों को अनेक असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना अनेकों बार क्षेत्रीय कार्यालय में दी गई परंतु क्षेत्रीय परिवहन के प्रबंधक द्वारा आश्वासन के अलावा और कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ। बबीना से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं एवं नौकरी पेशा यात्री झांसी, तालबेहट एवं ललितपुर के लिए सफर करते हैं बसों के इंतजार में रोजाना अनेक सवारी बस स्टैंड पर खड़ी रहती हैं परंतु ये परिवहन की बसें बाईपास से होकर निकल जाती हैं। कस्बे के वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति द्वारा क्षेत्रीय परिवहन प्रबंधक को लिखित रूप से शिकायती पत्र भी दिया गया परंतु समस्या ज्यों कि त्यों बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने परिवहन निगम की बसों को बबीना कस्बे के अंदर से निकालने की मांग की है।
वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद ने बताया कि कस्बे से प्रतिदिन झांसी एवं ललितपुर के लिए सैकड़ों यात्रियों का आवागमन होता है जबकि परिवहन की बसें हाईवे से गुजर रही हैं जिसका लाभ उठाते हुए ऑटो एवं टेंपो वाले अनियमित रूप से मनमाना किराया मांग कर अधिक सवारी बैठाते हैं क्षेत्रीय कार्यालय में अनेक बार लिखित रूप से शिकायत दी गई परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई ।
कस्बा निवासी अनिल जैन का कहना है कि एक तरफ जहां परिवहन की यात्री बसों को हाइवे से गुजरने पर बबीना के लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है वहीं दूसरी तरफ परिवहन की बस अभी खाली सीट लेकर जा रही है जिससे राजस्व को भी नुकसान हो रहा है अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए।