नये साल में शहर का यातायात सुगम होने जा रहा है। ग्वालियर रोड, कचहरी रोड और बालाजी रोड को चौड़ा करने का काम तेजी से जारी है। जबकि, सीपरी बाजार में ओवरब्रिज का काम भी अंतिम दौर में पहुंच गया है। रेलवे ने आखिरी पिलर का काम शुरू कर दिया है।
ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग से लेकर पाल कालोनी (शिवपुरी मार्ग फोरलेन) तक 11.54 करोड़ रुपये से सड़क का चौड़ीकरण का काम चल रहा है। यह सड़क सात- सात मीटर चौड़ी बनेगी तथा बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा। इस सड़क पर गिट्टी बिछाने का काम चल रहा है। ग्वालियर रोड पर बालाजी रोड तिराहा से लेकर बड़े पुल तक गिट्टी बिछाई जा चुकी है। बीच में जो पेड़ आ रहे थे, उन्हें काटने की अनुमति मिलने के बाद अब इन्हें काटा जाएगा। इसी तरह कचहरी चौराहा से लेकर जेल चौराहा सड़क का काम भी रफ्तार पकड़ गया है। सड़क किनारे स्मार्ट सिटी के मानक के अनुसार गंदा पानी निकालने को नाला और केबल डालने के लिए नाली बनाई जा रही है। इसके बाद कचहरी चौराहा से सदर बाजार रोड पर चाचा पान भंडार तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा। झांसी से उन्नाव बालाजी मार्ग पर चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। केवल एक किलोमीटर का काम बकाया है। यह सड़क भानी देवी गोयल स्कूल से पहले तक बन चुकी है। केवल ग्वालियर रोड तिराहा तक इसका काम बाकी है। नया डामर बिछाने से पहले पुराने डामर को जेसीबी से खरोंचकर उखाड़ा जा रहा है। लगभग एक किलोमीटर सड़क बनाने में एक महीने का समय लगेगा।
ग्वालियर रोड ब्रिज की फाइल शासन में
ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज की फाइल शासन में एक टेबल से दूसरी टेबल पर घूम रही है। इस क्रासिंग से 24 घंटे में मालगाड़ियों समेत 70 ट्रेनें गुजरती हैं। इस कारण दस घंटे से अधिक समय तक क्रासिंग बंद रहती है। लेकिन, नगर निकाय चुनाव के दौरान जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने ओवरब्रिज का काम जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया था। ऐसे में उम्मीद है कि फाइल पर शासन की स्वीकृति जल्द मिलेगी।
आखिरी पिलर के काम में पत्थरों की बाधा
सीपरी बाजार ओवरब्रिज के आखिरी पिलर के काम में जमीन के पत्थर बाधा बने हुए हैं। 13 मीटर ऊंचा पिलर बनाने के बाद आसपास के चारों पिलर पर स्लैब डाली जाएगी। उप्र राज्य सेतु निगम अपने हिस्से का काम कर चुका है, अब रेलवे के हिस्से का काम हो रहा है। रेलवे ने नवंबर 17 में काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन पिलर तैयार करने में हो रही देरी के कारण काम पिछड़ गया। पिलर बनाने में जमीन के अंदर पत्थर बाधा बन रहे हैं। नींव बनाने के लिए 55 फिट गहराई तक खुदाई की जा रही है।
तेजी से काम कराएंगे
सड़कों के चौड़ीकरण का काम तेजी से कराएंगे। कचहरी से जेल चौराहा तक नालियाें का निर्माण चल रहा है। मार्च तक सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे।
- एके शर्मा, अधिशासी अभियंता, नगर निगम