गड्ढा विद सेल्फी----------हाट का मैदान में बना गहरा गड्ढा दिखाते हसन. मरियम.फैजा
झांसी। सड़कों के गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। आए दिन हादसों के चलते लोगों का दर्द बढ़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार बेदर्द बने हुए हैं। लोग गड्ढों की तस्वीर भेजकर अपनी परेशानी बयां कर रहे हैं।
अमर उजाला के सेल्फी विद गड्ढा अभियान से लोग लगातार जुड़कर अपने क्षेत्र के गड्ढों और सड़कों की बदहाली की कहानी साझा कर रहे हैं।
शनिवार को वार्ड नंबर 45 छनियापुरा के रूपेश ने मुन्नालाल धर्मशाला के पीछे हुए गड्ढे के कारण हो रही परेशानी बयां की। सुभाषगंज स्थित मैनहोल में सरिये निकले हैं। सरियों पर पत्थर रख दिए गए हैं। इसके चलते आए दिन लोग हादसों के शिकार होते हैं। फैजान अहमद ने बताया कि आर्य कन्या चौराहे पर गड्ढा खोदकर डाल दिया गया है। अरहम अनस ने बताया कि पिछोर गुमनावारा में गड्ढे में जलभराव होने से मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। मनीष रायकवार ने उन्नाव गेट बाहर वार्ड नंबर 30 में अंजनी माता मंदिर के पास सड़क न बनने से हुए गड्ढे से लोगों को हो रही समस्या की जानकारी दी। हसन, मरियम और फैजा ने हाट के मैदान रोड पर हुए गड्ढों के चलते हो रही दिक्कतों के बारे में बताया। वहीं आर्यन राय ने रेलगंज पुलिया नंबर नौ में हुए गड्ढे को दुरुस्त कराने की मांग की।
रक्सा ढिकौली मार्ग के निर्माण पर सुस्ती
जिले के रक्सा से ढिकौली मार्ग पर गड्ढों की भरमार है। आए दिन लोग तस्वीर भेजकर परेशानी बयां कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे। बताया जाता है कि मार्ग जिला पंचायत के अधीन है, लेकिन अब तक अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली है।
आप भी भेजें तस्वीर
सड़क पर गड्ढों में गिरकर लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए अमर उजाला ने सेल्फी विद गड्ढा अभियान शुरू किया है। एक जागरूक नागरिक का कर्तव्य पूरा करते हुए आप गड्ढे के साथ सेल्फी खींचकर हमें भेजें, जिसे हम अमर उजाला में प्रकाशित करेंगे। इतना ही नहीं, समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग तक पहुंचाएंगे। सेल्फी के साथ नाम तथा उस जगह का नाम जरूर लिखें जहां सड़क पर गड्ढा है। सेल्फी मोबाइल नंबर 9415183605 पर भेजी जा सकती है।