सेवानिवृत्त नर्स की सड़क दुर्घटना में मौत
झांसी। बबीना क्षेत्र के हनुमान मंदिर पेट्रोल पंप के पास खैलार निवासी एक सेवानिवृत्त नर्स की राजगढ़ के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह दिगारा स्थित एक फार्मेसी कॉलेज में पढ़ाने जा रही थीं।
खैलार के हनुमान मंदिर पेट्रोल पंप के पास रहने वाले पोलिश पैट्रिक की पत्नी मोविल पोलिश पैट्रिक (64) भेल अस्पताल की सेवानिवृत्त नर्स थीं। वर्तमान में वह दिगारा स्थित एक फार्मेसी कॉलेज में पढ़ा रही थीं। बुधवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह स्कूटी से कॉलेज जा रहीं थीं। राजगढ़ के निकट उनको अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। हादसे को देख मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। खबर लगने पर परिजन, रिश्तेदार और अन्य शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए।