- मऊरानीपुर में 162 शिकायतें आईं, निस्तारित हुईं सिर्फ 12
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। शनिवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान एसडीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं का पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए। समाधान दिवस में 162 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण किया।
सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन से संबंधित प्राप्त हुईं। उप जिलाधिकारी मनोज कुमार भारती ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शेष बची शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देशित किया कि वह मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें।
इस मौके पर नायब तहसीलदार अमित कुमार मुद्गल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रमेशचंद्र शाक्य आदि मौजूद रहे।