अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के आयोजन को भव्य एवं गरिमामय बनाने की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई व रोशनी तथा माल्यार्पण आदि किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा ने 26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में यूपी दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम पर की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विचार विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि इसका आयोजन 24 जनवरी को झांसी किले की तलहटी में स्थित अर्बन हाट मैदान में किया जाएगा। जनपद में यूपी दिवस का आयोजन 3 दिवसीय होगा, जिसमें विभिन्न विभाग प्रदर्शनी भी आयोजित करेंगे। ओडीओपी, एमएसएमई, खादी ग्रामोद्योग, स्वयं सहायता समूह सहित अन्य स्टाॅल लगाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, अपर नगर आयुक्त मो. कमर, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक रती वर्मा, पर्यटन अधिकारी कीर्ति आदि उपस्थित रहीं।