अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर 18 जून को अमर उजाला की ओर से दीपांजलि का आयोजन किया जाएगा। तैयारियों को लेकर सोमवार को संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें शामिल लोगों ने कहा कि रानी ने अपने शौर्य और बलिदान के जरिये भारत की नारी शक्ति का पूरी दुनिया में मान बढ़ाया था। उनके बलिदान दिवस पर सभी को एक दीप उनकी याद में जरूर जलाना चाहिए।
गणेश मंदिर में आयोजित संवाद में तय हुआ कि 18 जून को शाम सात बजे गणेश मंदिर परिसर में दीपांजलि का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई को समर्पित दीप और मोमबत्तियां जलाई जाएंगी। उन्हें पुष्पांजलि भी अर्पित की जाएगी। साथ ही रानी के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला जाएगा। आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। युवा वर्ग को खासतौर पर आयोजन का हिस्सा बनाया जाएगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र गणेश मंदिर कमेटी के सचिव गजानन खानवलकर ने कहा कि इस तरह के आयोजन महापुरुषों की गौरवगाथा को जीवंत बनाए रखते हैं, इसमें सभी को शामिल होना चाहिए।
राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया ने कहा कि 17 जून को महारानी लक्ष्मीबाई बलिदान ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 18 जून को रानी की याद में श्रद्धा के दीप जलाए जाएंगे। उज्ज्वल देवधर ने कहा कि बलिदान दिवस पर रानी पर आधारित व्याख्यान भी होगा। समाजसेवी मनमोहन मनु ने कहा कि जो लोग दीपांजलि कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते, वे अपने घर पर रानी के नाम का एक दीप जरूर जलाएं।
इस मौके पर संतोष गुप्ता, सलिल तिवारी, शिल्पा, कुसुम कुशवाहा, ऊषा झा, राहुल इंदापुरकर, अर्पित शर्मा, मनोज कुशवाहा, राघव इंदापुरकर, अंकुश झा, दीपक वर्मा, गणेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।