झांसी। दुष्कर्म के मामले में दो साल से फरार चल रहे एसडीएम की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। 12 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने अदालत में सरेंडर के आदेश दिए थे। 38 दिन बीत जाने के बाद भी एसडीएम ने सरेंडर नहीं किया है। गिरफ्तारी न होने पर सीपरी बाजार पुलिस ने अदालत से कुर्की आदेश लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
9 जनवरी 2019 को पीपीएस अफसर सौजन्य कुमार विकास के खिलाफ नवाबाद थाने मेें जालौन की युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। दो साल बीतने के बाद भी आरोपी एसडीएम पुलिस के हाथ नहीं आ सका। आरोपी आगरा के दयालबाग स्थित पुष्पांजलि गार्डन निवासी है। पुलिस घर पर नोटिस भी चस्पा कर चुकी है। 12 जनवरी 2019 को सुप्रीम कोर्ट ने अदालत में सरेंडर के निर्देश दिए थे। 38 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी एसडीएम को गिरफ्तारी नहीं कर सकी। गिरफ्तारी न होने पर सीपरी पुलिस ने अदालत से कुर्की आदेश लेने की तैयारी शुरू कर दी है। आदेश मिलते ही पुलिस कुर्की की कार्रवाई करेगी।
पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। परिजन व रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा चुकी है। जल्द ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। विवेक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी