संवाद न्यूज एजेंसी
कोछाभावर। सोमवार दस मार्च को रंगभरी एकादशी (आमलकी एकादशी) श्रद्धा एवं उत्साह से मनाई जाएगी। पुष्य नक्षत्र एवं शोभन योग में श्रद्धालु भगवान शिव एवं माता पार्वती तथा श्री विष्णु व लक्ष्मी जी की आराधना तथा पूजा करेंगे। मंदिरों में फूलों से होली खेली जाएगी। मधुर भजन गाए जाएंगे।
बनारस एवं ब्रज में रंगभरी एकादशी पर भव्य धार्मिक उत्सव होते हैं। महानगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी कार्यक्रम होंगे। श्री महाकालेश्वर राजा बाबा मंदिर में महादेव एवं मां पार्वती का मोहक शृंगार होगा। आरती एवं भजन कीर्तन होगा। अजीत राय के अनुसार फूलों की होली भी खेली जाएगी।
इधर, लक्ष्मणगंज स्थित माधो बेडिया हनुमान जी के मंदिर में सत्यनारायण की कथा एवं भजन होंगे। भगवान का भव्य शृंगार एवं 101 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। पुजारी अनूप पाठक के अनुसार, फूलों की होली का आयोजन होगा। इधर, ज्योतिषविद् रजनी दीक्षित के अनुसार एकादशी पर पुष्य नक्षत्र एवं शोभन योग रहेगा। भगवान महादेव और मां पार्वती की पूजा का विशेष महत्व है। वहीं, महंत मार्तंड स्वामी के अनुसार, होलाष्टक सात मार्च से प्रारंभ है।