मुंबई की बारिश से झांसी से लौट गईं दो ट्रेनें
झांसी। मुंबई में हो रही भारी बारिश से रेल संचालन पटरी से उतर गया है। सोमवार को मुंबई की तरफ जाने और आने वाली 14 ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। दो गाड़ियों को आंशिक व दो का मार्ग बदल दिया गया। वहीं, रविवार की रात लखनऊ और गोरखपुर से आई मुंबई जाने वाली दो ट्रेनों को काफी जद्दोजहद के बाद झांसी में रद्द कर वापस लौटा दिया गया। इससे यात्री तो परेशान रहे ही रेलवे को भी दो सौ से अधिक यात्रियों का पूरा किराया वापस करना पड़ा।
रविवार की शाम 22122 लखनऊ मुंबई एसी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चली। ट्रेन चलने के बाद रेलवे बोर्ड से सूचना आने लगी कि इस ट्रेन को मुंबई तक नहीं भेजा जाए। कहां तक भेजा जाए? यह निर्णय नहीं हो सका। इस कारण ट्रेन को जगह- जगह रोककर झांसी तक लाया गया। झांसी तक आने में यह ट्रेन साढ़े चार घंटे लेट हो गई। झांसी में इस ट्रेन को निरस्त कर दिया गया। ट्रेन के निरस्त होने का पता लगने पर उसमें सवार यात्री परेशान हो गए। मजबूरी में कुछ यात्री उसी ट्रेन से वापस लौट गए तो किसी ने झांसी में उतरने के बाद किराया वापस ले लिया। बाद में वे अन्य साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हुए।
इसी तरह रविवार की सुबह 5.30 बजे गोरखपुर से पनवेल मुंबई के लिए चली 15065 गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस रात 12.40 बजे झांसी आई। इस ट्रेन को भी झांसी में निरस्त करने के बाद वापस गोरखपुर के लिए लौटा दिया गया। साथ ही 14 ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं। 12617 मंगला एक्सप्रेस को थ्रिसुर- पलक्कड़- सेलम- जोलारपेटाई- रेनिगुंटा- गुडूर- बल्हारशाह और 12264 हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को आगरा- भोपाल- मनमाड- पुणे के रास्ते से लाया जा रहा है। चार अगस्त को 12138 मुंबई फिरोजपुर पंजाब मेल को फिरोजपुर से दिल्ली और पांच अगस्त को फिरोजपुर से भोपाल के बीच ही चलाया गया।
ये ट्रेनें निरस्त
ट्रेन का नंबर व नाम प्रारंभिक स्टेशन से निरस्तीकरण की तिथि
12533 पुष्पक एक्सप्रेस चार अगस्त
12534 पुष्पक एक्सप्रेस पांच व छह अगस्त
12108 लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार अगस्त
12541 लोकमान्य तिलक संत कबीर धाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार अगस्त
12542 लोकमान्य तिलक संत कबीर धाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस छह अगस्त
15063 गोरखपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पांच अगस्त
15064 लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस छह अगस्त
11058 पठानकोट एक्सप्रेस पांच अगस्त
22221 हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस सात अगस्त
15065 गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस पांच अगस्त
14313 बरेली साप्ताहिक एक्सप्रेस पांच अगस्त
11101 पुणे ग्वालियर साप्ताहिक एक्सप्रेस पांच अगस्त
11057 पठानकोट एक्सप्रेस चार अगस्त
12171 लोकमान्य तिलक हरिद्वार एसी एक्सप्रेस पांच अगस्त