झांसी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते झांसी में मंगलवार और बुधवार को बारिश का अनुमान है। इसके अलावा 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में पारा लुढ़केगा और गलन बढ़ेगी।
पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली समेत कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। झांसी में मंगलवार तक इसका असर हो सकता है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि आगामी दो दिनों में मौसम का मिजाज बदलेगा। दोनों ही दिन 15-15 मिलीमीटर बरसात हो सकती है। 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से तेज हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ऐसे में गलन बढ़ जाएगी। उन्होंने किसानों से भी अपील की है कि आगामी दो-तीन दिनों तक फसलों की सिंचाई नहीं करें। मौसम का रुख देखकर ही फसलों को पानी दें।