संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उमस भरी गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों को जहां बारिश ने राहत दी। वहीं, बिजली आपूर्ति पर इसका बुरा असर पड़ा। बारिश के चलते जहां कई पेड़ टूटकर जमींदोज हो गए और विद्युत लाइनों पर आ गिरे। इसके चलते कई जगह से लाइनें ब्रेकडाउन में आ गईं और फीडर ठप हो गए। सूती मिल, सीपरी बाजार, मुन्नालाल व हाईडिल उपकेंद्रों से जुड़े करीब 50 से अधिक मोहल्लों की बिजली आपूर्ति घंटों गुल रही।
हंसारी पावर हाउस से सूती मिल उपकेंद्र के लिए आने वाली 33 केवी लाइन पर सुबह 11:30 बजे पाल कालोनी के पास पेड़ गिर गया। इससे सूती मिल से जुड़े फीडर करारी, ग्रासलैंड, थापक बाग, अयोध्यापुरी, इंडस्ट्रीयल एरिया, अंसल कालोनी, आर्मी एमइएस, एचपीसीएल, पहूज बांध सभी फीडर ठप हो गए। संबंधित मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजलीकर्मियों ने पेड़ की डाल को छांटा। इसके बाद लाइन को दुरुस्त किया गया। दोपहर 3 बजे कार्य पूर्ण किया जा सका। ऐसे में 3:30 घंटे उपभोक्ताओं को बगैर बिजली के परेशानी उठानी पड़ी।
इसी तरह, सीपरी बाजार उपकेंद्र के लिए आई 33 केवी लाइन पर शनिवार-रविवार की रात 12 बजे जर्मनी हॉस्पिटल के पास पेड़ टूटकर गिर गया। इससे सीपरी उपकेंद्र से जुड़े फीडरों रायगंज, खालसा, जर्मनी, लहरगिर्द, आईटीआई, सिद्धेश्वर नगर, सीपरी बाजार आदि फीडरों से जुड़े मोहल्लों में अंधेरा छा गया। सुधार कार्य शुरू हुआ। पेड़ को हटाकर लाइन को जोड़ा गया। इसके बाद, यहां रात 1.30 बजे आपूर्ति सुचारू की गई।
वहीं, मुन्नालाल पावर हाउस की बिजली रविवार दोपहर 1.30 से 2.30 बजे तक ठप रही। यहां से जुडे दो दर्जन मोहल्लों की बिजली गुल रही। इसके अलावा, हाईडिल उपकेंद्र पर पेड़ छंटाई के चलते बिजली दोपहर सुबह 8.30 बजे से 11 बजे गुल रही। यहां से जुड़े हाईडिल कॉलोनी, इलाइट क्षेत्र, नगर निगम क्षेत्र, आशिक चौराहा, सिविल लाइन आदि क्षेत्र बाधित रहे। बिजली न मिलने से करीब एक लाख से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली न मिलने से कई क्षेत्रों में पेयजल की भी समस्या रही।
परकोटे की दीवार गिरी, खराब हुए तीन ट्रांसफार्मर
शनिवार की रात 11 बजे लक्ष्मीगेट स्थित परकोटे की दीवार गिरने से 400 केवीए के तीन ट्रांसफार्मर समेत केबल खराब हो गई। बाद में जेसीबी की मदद से दीवार का मलबा साफ कराया गया और फिर खराब ट्रांसफार्मर की जांच की गई। मौके पर दुरुस्त कर ट्रांसफार्मर तो ठीक कर लिए गए, लेकिन केबल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसे में केबल को बदलकर सुधार कार्य कराया गया। शनिवार रात 11 बजे से गुल हुई बिजली रविवार शाम छह बजे दुरुस्त हो सकी। तीन ट्रांसफार्मर में आई खराबी के चलते बड़ा बाजार और लक्ष्मी गेट से जुड़े सैकड़ों घरों में लोग परेशान रहे।
हंसारी पावर हाउस में आई खराबी, एक घंटे ठप रही शहर की बिजली
रविवार की दोपहर 3:25 बजे हंसारी पावर हाउस में आई खराबी के चलते पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में करीब एक घंटे तक पूरा शहर बगैर बिजली के रहा। बताया कि यहां हॉट स्पॉट एरिया में खराबी आई थी। मशीनों में क्लेम खराब हो गए थे। जिन्हें बदला गया और आपूर्ति 4.25 बजे सुचारू की गई।
बारिश के चलते शहर की बिजली व्यवस्था बाधित हुई है। 33 केवी लाइनों पर पेड़ टूटकर गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त हुई और आपूर्ति ठप रही। सुधार कार्य कराकर आपूर्ति सुचारू कर ली गई। - मोहम्मद मेहताब, उपखंड अधिकारी, सीपरी बाजार झांसी