अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जनपद के 15 केंद्रों पर हुई उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्राविधिक सहायक ग्रुप सी मुख्य परीक्षा (लिखित) में 9.3 फीसदी परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पिछले कई वर्षों की तुलना में इस बार प्रश्नपत्र कठिन आया। सरकारी योजनाओं से जुड़े भी कई सवाल पूछे गए।
परीक्षा के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज रक्सा, जीआईसी ग्वालियर रोड, शिक्षक इंटर कॉलेज, सरस्वती इंटर कॉलेज, कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज, सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय आदि केंद्रों पर हुई परीक्षा में 7296 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे की पाली में आयोजित परीक्षा में 6615 परीक्षार्थी शामिल हुए। 681 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षार्थियों ने कहा कि इस बार सवाल को घुमाकर पूछा गया था। वहीं, पिछले कई सालों के सैंपल पेपर देखें तो उनसे प्रश्नपत्र भी कठिन आया था। वहीं, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने नेशनल हाफिज सिद्दीक इंटर कॉलेज और बुंदेलखंड महाविद्यालय समेत कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई है।
ये बोले परीक्षार्थी
पाठ्यक्रम के हिसाब से पेपर नहीं आया। बागवानी (हॉर्टिकल्चर) और मृदा विज्ञान से कोई सवाल नहीं आया। सामान्य ज्ञान के सवाल आसान और कीट विज्ञान (एंटोमोलॉजी) के प्रश्न कठिन आए। - आशीष राठौर।
इस बार का पेपर कठिन आया था। सवालों को घुमाकर पूछा गया था। ऐसे में इन्हें हल करने में समय लगा। मृदा विज्ञान, आनुवंशिकी (जेनेटिक्स) और पशुपालन के सवाल कठिन आए। - अनामिका।
प्रदेश से जुड़े सामान्य ज्ञान के सवाल ज्यादा आए। कृषि समेत अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में पूछ काफी सवाल पूछे गए। न पेपर बहुत आसान था और न बहुत कठिन। - दिव्यांशी केसरवानी।
प्रश्नपत्र में कुछ सवाल कठिन आए थे और कुछ आसान। पिछले सालों के कई पेपर हल किए हैं। उनके मुकाबले इस बार का प्रश्नपत्र कठिन था। - कुलदीप सिंह कुशवाहा।