रेल मंडल के 158 स्टेशनों की यात्री सुविधाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। रेलवे की साइट पर क्लिक करते ही अब मंडल के किसी भी स्टेशन पर मौजूद यात्री सुविधाओं की जानकारी ली जा सकती है। स्टेशन बिल्डिंग की तस्वीर भी दिखाई देगी।
अभी तक यात्री रेलवे वेबसाइट पर किसी भी स्टेशन का नाम, उसकी दूरी और किराए का पता कर सकते थे। मगर, प्रमुख स्टेशनों को छोड़कर अन्य स्टेशनों पर मौजूद यात्री सुविधाओं का पता नहीं लग पाता था।
लेकिन अब रेल प्रशासन ने छोटे- बड़े सभी स्टेशनों पर मौजूद यात्री सुविधाओं को ऑनलाइन कर दिया है। इस सुविधा में मंडल के 158 स्टेशनों को जोड़ा गया है। इसमें ट्रेनों की संख्या, आरक्षण, बुकिंग खिड़की, विश्रामालय, प्रतीक्षालय, शौचालय, कैंटीन आदि सुविधाओं का पता किया जा सकता है।
इस सुविधा में एनएसजी वन श्रेणी के झांसी, ग्वालियर, एनएसजी थ्री श्रेणी के मुरैना और बांदा, एनएसजी फोर श्रेणी के दतिया, डबरा, खजुराहो, ललितपुर, उरई, महोबा और चित्रकूट, एनएसजी फाइव श्रेणी के बबीना, पुखरायां, कालपी, मऊरानीपुर, रागौल, घाटमपुर, बेलाताल, कुलपहाड़, भिंड, हरपालपुर, तालबेहट, भरुआ सुमेरपुर, निवाड़ी और अतर्रा स्टेशन को शामिल किया गया है। इसी तरह एनएसजी सिक्स श्रेणी के 89, एचजी टू श्रेणी के सात व एचजी थ्री श्रेणी के 37 स्टेशनों को शामिल किया गया है।