संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रेलवे यूनियन के चुनाव के परिणाम आ गए और दोनों यूनियन को मान्यता भी मिल गई, लेकिन आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला थमा नहीं है। शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने फिर से पेंशन का मुद्दा गर्म कर दिया। वीडियो में एनएफआईआर (नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन) के महामंत्री राघवैया यूपीएस का स्वागत कर रहे हैं। वहीं, एनसीआरईएस (नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ) ओपीएस से कम पर राजी नहीं है।
वीडियो कब और कहां का है, इसकी पुष्टि तो नहीं हो सकी, लेकिन मंडल में वीडियो वायरल होने के बाद कर्मचारियों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया है कि कर्मियों से पुरानी पेंशन दिलाने का वादा किया जा रहा है और यूपीएस का शीर्ष नेतृत्व स्वागत कर रहा है। वहीं, कर्मियों की चर्चा के बीच एनसीआरएमयू (नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन) के मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह चौहान ने कहा कि हम पुरानी पेंशन के अलावा किसी भी योजना पर समझौते को तैयार नहीं हैं, लेकिन दूसरी यूनियनें कर्मियों को पेंशन योजना पर भ्रमित कर रही हैं। कहा कि उनके नेता दो-दो बातें कर रहे हैं।
एनसीआरईएस पुरानी पेंशन के साथ
वीडियो से इतर एनसीआरईएस के झांसी मंडल अध्यक्ष राम कुमार सिंह ने कहा कि हम यूपीएस के साथ नहीं हैं। हमारी मांग पुरानी पेंशन बहाली की थी और उसी को लागू करने के लिए संघर्ष करते रहेंगे।