झांसी। रेलवे की परीक्षा देने जा रहे एससीएसटी परीक्षार्थियों को निशुल्क यात्रा पास पर रिजर्वेशन की सुविधा मिलना शुरू हो गई है। स्पेशल ट्रेनों में सुविधा पास पर आरक्षण न मिलने से परीक्षार्थी परेशान थे।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) के तहत चल टिकट परीक्षक, स्टेशन मास्टर, गार्ड, क्लर्क आदि के एक लाख से अधिक पदों पर नियुक्ति के लिए अलग- अलग शहरों में ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन कर रहा है। इसके लिए देश भर में 1.25 करोड़ परीक्षार्थियों ने आवेदन किए हैं। यह परीक्षा कई चरणों में पूरा होनी है। पहले चरण की परीक्षा 28 दिसंबर से 13 जनवरी तक चल रही है। दूसरे चरण की परीक्षा 16 जनवरी से शुरू होनी है।
बुंदेलखंड के तमाम परीक्षार्थियों को दूसरे चरण की उक्त परीक्षा देने के लिए कोटा, भोपाल, प्रयागराज व अन्य शहरों में जाना है। इनमें एससी एसटी परीक्षार्थियों को यात्रा पास की निशुल्क सुविधा दी गई है, लेकिन इन दिनों स्पेशल ट्रेनों में सभी रियायतें बंद हैं। इस कारण उनको इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इस समस्या को लेकर परीक्षार्थियों ने मंडल रेल अधिकारियों से शिकायत की थी। रेलवे बोर्ड तक यह मामला पहुंचा। रेलवे बोर्ड के आदेश पर एससीएसटी परीक्षार्थियों को यात्रा पास पर निशुल्क रिजर्वेशन मिलना शरू हो गया है।
सोमवार को रेलवे स्टेशन के आरक्षण कार्यालय में आरक्षण कराने के लिए खिड़कियों पर दिन भी कतार लगी रही। हालांकि, जो परीक्षार्थी ब्रेक जर्नी का रिजर्वेशन करा रहे हैं उनको लौटने का आरक्षण नहीं मिल रहा है। जैसे कि किसी परीक्षार्थी को झांसी से कोटा जाना है। झांसी से कोटा के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है। इस कारण झांसी से बीना और बीना से कोटा के लिए दो टुकड़ों में टिकट बन रहा है। ऐसा करने पर परीक्षार्थी को मिलने वाले दोनों यात्रा पास का उपयोग जाने में ही हो जाएगा। ऐसे में उसका वापसी में निशुल्क टिकट नहीं बनेगा।
मुझे परीक्षा देने के लिए कोटा जाना है। यात्रा पास पर निशुल्क रिजर्वेशन मिलने से बहुत राहत मिल गई है।
अभिषेक गौतम, परीक्षार्थी।
अगर मैं पहले रुपये देकर रिजर्वेशन करा लेता तो इस लाभ से वंचित हो जाता। परीक्षार्थियों के प्रयास से ही ऐसा संभव हो सका।
आसिफ, परीक्षार्थी।