अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ट्रेन जब तक झांसी स्टेशन नहीं पहुंची थी, तब तक यात्रियों को भी कुछ पता नहीं था। रात 11:34 बजे ट्रेन के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंचते ही भारी पुलिस बल देखकर ट्रेन में सवार यात्री हैरानी से भर उठे। प्लेटफार्म के भी स्टॉल भी बंद थे। छावनी बने प्लेटफार्म को देख रेल में सवार यात्री सहम उठे। झांसी स्टेशन में किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। ट्रेन के प्लेटफार्म पर ठहरते ही पुलिसकर्मियों ने कोच खाली कराना शुरू कर दिया। इस बीच यात्रियों को भी ट्रेन के अंदर बम होने की सूचना होने की भनक लग गई। बम होने की आशंका से यात्री भी सहम उठे। सभी यात्रियों ने पुलिस के निर्देश के मुताबिक बिना समय गंवाए ट्रेन को खाली कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हर कोच में तलाशी अभियान चलाया। किसी भी कोच से कोई खतरनाक वस्तु बरामद न होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। एक घंटे बाद ट्रेन के आगे रवाना होने पर ही यात्रियों को सुकून आया।
फोटो
हम लोगों को कुछ नहीं पता। झांसी स्टेशन आने पर ही हम लोगोें को इसका पता चला। बम होने की सूचना से अब घबराहट हो रही है।
प्रिया, दिल्ली
ट्रेन में बम होने की बात मालूम चलने से घबराहट हो गई। झांसी स्टेशन आने पर हम लोगों को इसका पता चला।
अभिषेक, दिल्ली
इनसेट
आउटर पर ट्रेन के खड़ी होते ही अफसरों की बढ़ी धड़कन
छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति रात 11.20 बजे झांसी पहुंचती है लेकिन, आज वह 11.34 बजे पहुंची। आउटर पर होम सिग्नल भी नहीं हुआ। इस वजह से ट्रेन आउटर पर खड़ी हो गई। ट्रेन के आउटर पर खड़ी रहने से पुलिस अफसरों की धड़कने बढ़ गई। अफसरों ने तुरंत कंट्रोल रूम को फोन करके तुरंत सिग्नल कराने को कहा। इसके बाद ट्रेन प्लेटफार्म तक पहुंची।