अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चाइनीज गेमिंग एप के पेमेंट सर्वर हैकिंग गिरोह के मामले में पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में बुधवार को भी दबिश दी। पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ रेलवे कर्मचारी सलाम को भी पुलिस तलाशने में जुटी है। वह कानपुर मंडल में तैनात है। पुलिस टीम उसे कानपुर में भी तलाश रही है। उसकी तलाश में सर्विलांस टीम की मदद से संभावित लोकेशन खंगाली जा रही है। गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए भी पुलिस कोशिश में जुटी है। पुलिस को चकमा देकर भाग निकला सलाम प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मस्जिद के पास का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि वह रागिब के जरिए इस गिरोह से जुड़ा था।
पूछताछ में रागिब ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात हर्ष से दिल्ली में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों बीसीए के छात्र थे। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और बाद में साइबर गतिविधियों को लेकर योजना बनी। पुलिस के अनुसार हर्ष ही पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। उसी ने सर्वर हैक करने की योजना तैयार की और अपने कुछ साथियों की मदद से उसे अंजाम दिया। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम अब हर्ष, सलाम समेत तीन आरोपियों की तलाश में जुटी है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। फरार आरोपियों की
गिरफ्तारी के बाद गिरोह के नेटवर्क और हैकिंग के तरीके को लेकर भी खुलासे हो सकते हैं।