अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रेलवे के ठेकेदार की शुक्रवार दोपहर पुलिया नं. नौ स्थित घर पहुंचते ही हालत बिगड़ गई। परिजन तुरंत जिला अस्पताल लेकर आए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में आते ही मौत हो गई। मृतक के भाई ने साथ में ठेकेदारी करने वालों पर जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
छोटे भाई विनायक वर्मा ने बताया कि बड़ा भाई ओमप्रकाश (47) रेलवे में ठेकेदार करते थे। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे घर के पोर्च में आकर बैठक गए। उनके हाथ-पैर कांप और घबराहट हो रही थी। कुछ ही देर में उल्टियां होने लगी। हालत बिगड़ती देख परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तब तक मौत हो गई। विनायक ने आरोप लगाया कि भाई के साथ ठेकेदारी करने वाले तीन लोग ने जहर खिलाया है। मेडिकल कॉलेज में भाई के आने तक वह साथ थे मगर मौत के बाद से दिख नहीं रहे हैं। वहीं, प्रेमनगर थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तहरीर नहीं मिली है।