सोमवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई, जिसमें सदस्यों ने रेल सेवाओं की बेहतरी के संबंध में सुझाव दिए।
मंडल कार्यालय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक एसके अग्रवाल ने यात्री सुविधाओं के विस्तार के संबंध में जानकारियां दीं। समिति के सदस्य देवेंद्र सिंह नलवंशी ने स्टेशन व ट्रेनों में अवैध वेंडरों पर अंकुश लगाने को कड़े कदम उठाने का सुझाव दिया। यूएन मोदी ने झांसी से अहमदाबाद तथा झांसी से इलाहाबाद के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने की बात कही। साथ ही उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में एक जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक नियुक्त करने की मांग की।
हेमंत प्रताप सिंह ने चित्रकूट मेले के दौरान बढ़ती हुई भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए चित्रकूट स्टेशन पर ठहराव वाली सभी ट्रेनों में द्वितीय श्रेणी साधारण कोचों की संख्या बढ़ाने सुझाव दिया। डॉ. दिलीप सेठ ने उरई स्टेशन पर पार्किंग सुविधा व सर्कुलेटिंग एरिया में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। मो. उमर ने बुकिंग खिड़की संख्या 11 को विकलांगों के लिए चिह्नित करने की मांग उठाई। राजपाल अरोरा ने कहा कि ट्रेनों में जलापूर्ति के लिए लगे हाइड्रेंट्स सप्लाई पूरी होने के बाद बंद नहीं किए जाते हैं, इससे पानी की बर्बादी होती है। इस मौके पर एडीआरएम विनीत सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दुर्गेश दुबे आदि मौजूद रहे।