झांसी। मंडल रेलवे के मऊरानीपुर-रोरा स्टेशनों के बीच रेल लाइन दोहरीकरण के साथ नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य भी किया जा रहा है। इसे लेकर झांसी-मानिकपुर रूट पर अब 28 व 29 जुलाई को ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान झांसी-मानिकपुर रूट की छह गाड़ियां निरस्त रहेंगी, साथ ही उदयपुर इंटरसिटी को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–मानिकपुर रेलखंड के मऊरानीपुर–रोरा स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। 28 व 29 जुलाई को छह ट्रेनों के निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन तथा विनियमन का निर्णय लिया गया है।
इन तिथियों में निरस्त रहेंगी ये गाड़ियां
ग्वालियर–प्रयागराज एक्सप्रेस (11801): 28 एवं 29 जुलाई
प्रयागराज–ग्वालियर एक्सप्रेस (11802): 29 एवं 30 जुलाई
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–बांदा मेमू (064613/64613): 28 एवं 29 जुलाई
बांदा–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमू (064614/64614): 28 एवं 29 जुलाई
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–मानिकपुर मेमू (064611/64611): 29 जुलाई
मानिकपुर–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमू (064612/64612): 30 जुलाई
बदले रूट से जाएगी उदयपुर इंटरसिटी और अन्य ट्रेनें
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उदयपुर-खजुराहो एक्सप्रेस (19666) 28 जुलाई को झांसी-महोबा-खजुराहो के बजाय झांसी-दैलवारा-बिरारी होते हुए खजुराहो जाएगी। वहीं, खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस (19665) 29 जुलाई को खजुराहो-महोबा-झांसी के बजाय खजुराहो-बिरारी-दैलवारा-झांसी होकर संचालित होगी। इसके अलावा, हावड़ा-आगरा कैंट चंबल एक्सप्रेस (20975) 28 जुलाई को एक फेरे के लिए प्रयागराज मंडल में ढाई घंटे और झांसी मंडल में एक घंटे रेगुलेट (विनियमित) रहेगी।
सीआरएस के निरीक्षण में बदलाव से हुआ संशोधन
मऊरानीपुर-रोरा रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण करने के लिए सीआरएस का कार्यक्रम 28 जुलाई की जगह 29 जुलाई को निर्धारित होने के कारण नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की तिथि में संशोधन किया गया है। पीआरओ ने बताया कि अब सीआरएस 29 जुलाई को निरीक्षण करेंगे।