झांसी। रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने और कालाबाजारी, जमाखोरी व मिलावटखोरी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमों ने जिले की विभिन्न तहसीलों में बीज विक्रेताओं के 25 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच की। इस दौरान मटर, चना, पालक और गेहूं समेत विभिन्न फसलों के 13 बीज नमूने एकत्र किए गए। इन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभियान के तहत उप कृषि निदेशक, झांसी सदर डॉ. बुद्धदेव द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा और उप संभागीय कृषि अधिकारी, मोंठ तुलसीराम प्रजापति के नेतृत्व में टीमों ने कार्रवाई की। जिला कृषि अधिकारी की टीम ने गरौठा और मोंठ तहसीलों में, जबकि उप संभागीय कृषि अधिकारी, मोंठ की टीम ने मऊरानीपुर और टहरौली तहसीलों में बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
उप कृषि निदेशक ने कहा कि जांच के दौरान विभिन्न फसलों के बीजों के नमूने लिए गए। इनकी प्रयोगशाला में जांच के बाद गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि बीज अधोमानक पाए जाते हैं तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ बीज अधिनियम, 1966 और बीज नियंत्रण आदेश के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।