झांसी। किले की तलहटी स्थित क्राफ्ट मेला ग्राउंड में ‘अमर उजाला शॉपिंग फेस्टिवल’ में बुधवार को लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। ईद का त्योहार लोगों ने परिवार के साथ मनाते हुए यहां खूब खरीददारी की तथा बच्चों के साथ मौज मस्ती की। गोलगप्पे खाए और राजस्थान की केसर, केवड़ा व ड्राई फ्रूट वाली मारवाड़ी लस्सी का मजा लिया।
फेस्टिवल में बच्चों से लेकर युवा तथा बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए कुछ न कुछ खास है। शाम होते ही लोग ‘अमर उजाला शॉपिंग फेस्टिवल’ में उमड़ पडे़। बच्चों ने ब्रेक डांस, ड्रेगन ट्रेन में बैठकर और बाउंसी पर उछलकर मजा लिया। वहीं, वाटर वोटिंग भी उनके लिए बेहद खास रही। झालरों से आकर्षक दिख रहे ग्राउंड में महिलाओं ने घर के लिए उपयोगी सामान, जिनमें प्लास्टिक व चीनी के बनी क्रॉकरी और विभिन्न फ्लेवर के पापड़ व चिप्स भी खरीदे। इसके अलावा मुंबई की पाव भाजी और चेन्नई का मसाला डोसा का भरपूर स्वाद लिया। वहीं, हैंडलूम तथा गिफ्ट स्टाल पर भी महिलाओं की खासी भीड़ खरीददारी करती दिखी।
चूरमा का लड्डू और राजस्थानी खाना है विशेष
‘अमर उजाला शॉपिंग फेस्टिवल’ में राजस्थान के 56 प्रकार के व्यंजन लोगों को लुभा रहे हैं। इनमें शुद्ध देशी घी से बना चूरमा का लड्डू, तो असली मावा से बने मीठी कचौरी भी लोगों को दीवाना बना रही हैं। संवाई माधोपुर क्षेत्र के लक्ष्मण सिंह और लखन लाल ने बताया कि 150 रुपये में राजस्थान की थाली वह दे रहे हैं। जो शुद्ध मसालों और घी व तेल से बनता है। इसमें दालबाटी, कड़ी पकौड़ा, बेसन गट्टा, चूरमा का लड्डू, लहसुन की चटनी आदि है। इसके अलावा मावा कचौड़ी, प्याज कचौड़ी, मुंगदाल के पकौडे़, मिर्ची बड़ा भी है। इनके अनुसार स्पेशल मारवाड़ी लस्सी के साथ ही लहसुन की बनी खट्टी चटनी और सौंफ की मीठी चटनी भी स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। फेस्टिवल में आ रहे है लोग राजस्थान व्यंजनों को काफी पसंद कर रहे है।