शनिवार को सुबह से दोपहर तक तीखी धूप खिली रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। लेकिन, दोपहर बाद बादल छाने और आंधी चलने से शाम को गर्मी से थोड़ी राहत रही। रात में भी तेज हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार-पांच दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
शनिवार को सुबह से ही तीखी धूप खिल गई थी, जो दोपहर में और भी चटख हो गई थी। आसमान से आग बरसती सी महसूस हो रही थी। लेकिन, शाम तकरीबन चार बजे बादल छा गए और आंधी चलने लगी। इसे दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे पारे के तेवर थोड़े ढीले हुए और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शाम को बादल छाए रहे। रात तकरीबन आठ बजे फिर तेज आंधी चलने लगी और हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कृषि मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. मुकेश चंद्र ने बताया कि आने वाले चार-पांच दिनों तक मौसम का यही मिजाज रहेगा। हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि, न्यूनतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहेगा। हवा चौदह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के आसार हैं।