झांसी। केन-बेतवा लिंक परियोजना के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ग्वालियर रोड ओवरब्रिज का शिलान्यास कराने की तैयारी है। पीएम के कार्यक्रम में इसको भी भाजपा नेता शामिल कराना चाहते हैं। जनवरी में प्रधानमंत्री के झांसी आने की संभावना जताई जा रही है।
शहर में आवागमन में सबसे ज्यादा परेशानी का सबब बनने वाले ग्वालियर रोड ओवरब्रिज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने ओवरब्रिज के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति देते हुए निर्माण के लिए 102 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। ओवरब्रिज बन जाने के बाद शहर की बड़ी आबादी को जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। लंबे समय से अमर उजाला ओवरब्रिज का मुद्दा उठा रहा था। चूंकि, भाजपा नेताओं द्वारा जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झांसी आने की संभावना जताई जा रही है। पदाधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री केन-बेतवा लिंक परियोजना की नींव, झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे का लोकार्पण करेंगे। अब पार्टी नेता ग्वालियर रोड ओवरब्रिज का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री के हाथों कराने की तैयारी में जुट गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि 10 जनवरी तक इसकी नींव रखी जा सकती है।
जल्द ही ग्वालियर रोड ओवरब्रिज का शिलान्यास हो जाएगा। इसके बाद आवागमन में झांसी की जनता को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता ही इसकी नींव रखकर जनता को सौगात देंगे। - रवि शर्मा, भाजपा विधायक।