संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग शहर के ब्लैक स्पॉट स्थलों पर सुधार कार्य कराएगा। सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा तो अन्य सुधार कार्य भी होंगे। इससे होने वाले सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सकेगी।
झांसी परिक्षेत्र में सड़क हादसों का प्रतिशत हर वर्ष बढ़ रहा है। इसकी रोकथाम के लिए सरकारी स्तर पर जो प्रयास किए जा रहे हैं, उनका कोई खास असर इस पर नहीं दिख रहा है। यही वजह है कि 2025 के शुरुआती दो माह जनवरी और फरवरी के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2024 की तुलना में हादसों में 32.81 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इन्हीं हादसों से निपटने के लिए सरकार का फोकस व्यवस्थाओं में सुधार कराने का है।
इनमें लोक निर्माण विभाग को ब्लैक स्पॉट में सुधार कराने के निर्देश दिए। इसके क्रम में पीडब्लूडी ने शहर के ब्लैक स्पॉट चिह्नित करते हुए इनके सुधार की कार्ययोजना तैयार की है। जहां पर सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर में सुधार के साथ साइन बोर्ड, कैट आदि लगवाने के साथ अन्य कार्य किये जाएंगे। यह कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज भी दी गई है। मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कराए जाएंगे।
बॉक्स में -
इन ब्लैक स्पॉट्स के लिए बनाई गई कार्ययोजना
- पाली-पहाड़ी रोड पर
- मेडिकल बाइपास
- अग्रसेन चौराहा
- जीवनशाह चौराहा
- अंसल तिराहा
- जेल चौराहा
- इलाइट चौराहा
-
बॉक्स में -
एनएचएआई कराएगा ब्लैक स्पॉट का सेफ्टी ऑडिट
सबसे अधिक हादसे हाईवे पर होने के चलते एनएचएआई अब ब्लैक स्पॉट के सेफ्टी ऑडिट कराने जा रहा है। इसकी तैयारी की जा चुकी है। झांसी, ललितपुर व जालौन में सभी जगहों पर ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर यहां होने वाले हादसों का कारण और इसकी रोकथाम के लिए जानकारी एकत्रित कराई जा रही है। यहां होने वाले हादसों पर किस तरह रोक लगे, इसके लिए क्या कार्य हो, कार्ययोजना तैयार कर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलते ही कार्य कराए जाएंगे।
बॉक्स में -
यह है ब्लैक स्पॉट का मानक
- किसी सड़क पर तीन सालों में पांच भीषण हादसे होने पर उसे ब्लैक स्पॉट माना जाता है।
- इन हादसों में पांच गंभीर रूप से घायल हुए हों या मौत हुई हो।
- किसी जगह पर तीन साल में 10 मौतें हो जाएं तो भी उसे ब्लैक स्पॉट घोषित कर दिया जाता है।
- आमतौर पर हादसे के आस-पास के 500 मीटर के एरिया को ब्लैक स्पॉट माना जाता है।
वर्जन -
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट्स में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। हादसों को रोकने के लिए शहर के इन स्थलों में सुधार की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसे शासन में भेजा गया है, मंजूरी मिलते ही कार्य कराया जाएगा। - राजनाथ गुप्ता, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग झांसी