झांसी। व्यापारी नेता संग मारपीट के बाद चर्चा में आए प्रवर्तन दल की नकेल कस दी गई है। अब दस्ता नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में ही कार्रवाई कर सकेगा। नगर आयुक्त ने कार्रवाई के दौरान मौजूद रहने वाले अफसरों की तैनाती कर दी है। इस संबंध में शुक्रवार को ही नगर आयुक्त की ओर से आदेश जारी कर दिए गए।
पिछले तीन दिन से नगर निगम का अतिक्रमणरोधी दस्ता विवादों में घिरा है। व्यापारियों के एक गुट समेत कई पार्षद दस्ते पर मनमानी का आरोप लगा रहे हैं। दस्ता कर्मियों पर सैन्यवर्दी के दुरूपयोग के भी आरोप हैं। बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा भी किया। उसके बाद आज जारी एक आदेश में दस्ते की प्रत्येक कार्रवाई के दौरान निगम अफसरों की मौजूदगी अनिवार्य कर दी गई। अब प्रवर्तन दल किसी अधिकारी की मौजूदगी में ही कार्रवाई कर सकेगा। नगर आयुक्त अवनीश राय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सहायक अभियंता अमन कटियार सोमवार, सहायक अभियंता राजकुमार भद्रसेन मंगलवार, सुरेंद्र कुमार सहायक अभियंता बुधवार, रामबाबू कर अधीक्षक बृहस्पतिवार, सुरेंद्र कुमार कर अधीक्षक शुक्रवार एवं बृजकुमार कर अधीक्षक की ड्यूटी शनिवार को दस्ते के साथ रहेगी। यह तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।