संवाद न्यूज एजेंसी
पूंछ। कस्बा पूंछ स्थित उपगल्ला मंडी इन दिनों अव्यवस्थाओं की चपेट में है। जबकि, प्रतिदिन यहां क्षेत्र के सैकड़ों किसान अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। इसके बावजूद, सुधार की दिशा में कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मंडी की बाउंड्रीवाल कई जगह से क्षतिग्रस्त है, जिससे छुट्टा जानवर आसानी से परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। इसके अलावा मंडी के आसपास रहने वाले कई लोग घरों का कचरा भी मंडी परिसर में फेंक देते हैं। इससे परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। बारिश के बाद पूरे परिसर में कीचड़ और पानी भर जाने से किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
किसानों का कहना है कि मंडी में लगा धर्मकांटा भी खराब पड़ा है। इसके चलते किसानों की उपज की तौल प्रभावित हो रही है। मंडी के चबूतरे भी बदहाल स्थिति में हैं। मंडी परिसर में कुछ लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य सामान रखकर कब्जा कर लिया है।
किसान रमेश चंद्र, रामकुमार आदि ने बताया कि मंडी से सरकार को लाखों रुपये का राजस्व मिलता है, इसके बावजूद यहां साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है। किसानों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की।