संवाद न्यूज एजेंसी
पूंछ। ग्राम सेसा में तालाब का पानी ओवरफ्लो होने और निकासी की व्यवस्था बंद होने से ग्रामीणों की मुसीबत बढ़ गई है। तालाब का गंदा पानी आसपास स्थित करीब आधा सैकड़ा घरों में घुस गया है। कई घरों में करीब एक फुट तक पानी भर जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तालाब के पास रहने वाले महेश रजक, ख्याली रजक व सुंदर शर्मा ने बताया कि लगातार बारिश के बाद तालाब पूरी तरह भर गया है और अब पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के घरों में घुस रहा है। तालाब के पानी की निकासी राष्ट्रीय राजमार्ग के नाले के माध्यम से होती है, लेकिन नाला पूरी तरह बंद पड़ा है। इसके चलते पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और गंदा पानी घरों में भर रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाले की सफाई कराकर तालाब के पानी की निकासी कराने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।