बरुआसागर (झांसी)। मंगलवार को ग्राम पंचायत फुटेरा के भागीरथ के खिरक पर मंदिर के चबूतरे पर लगी जाली हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस से एक पक्ष ने धक्का-मुक्की कर उपनिरीक्षक से मारपीट की। इसके बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर छह लोगों को पीटकर थाने ले आई। हालांकि सत्ता पक्ष से जुड़े होने की वजह से एक को पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम फुटेरा के भागीरथ खिरक स्थित मंदिर से लगे चबूतरे को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। मंगलवार को एक पक्ष ने मंदिर के चबूतरे पर लगी जाली हटाने को लेकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से शांत कराने का प्रयास किया तो उपनिरीक्षक से भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंदिर में लगी बैरिकेडिंग तोड़ने पर सत्ता पक्ष से जुड़े एक व्यक्ति और उनके परिवार वाले गांववालों से उलझ गए। दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने मामला शांत करने का प्रयास किया तो मंदिर चबूतरे पर तोड़फोड़ कर रहे लोगों ने पुलिस से भी अभद्रता कर हाथापाई कर दी। इससे मामला और बिगड़ गया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मारपीट की घटना से इनकार कर रही है। पुलिस ने कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर एक पक्ष से बाबुलाल, किशोरी, दीनदयाल, राहुल, राजकुमार, लालाराम को जेल भेज दिया।