झांसी। पुलिस की कमी के कारण प्रदेश पुलिस के मुखिया के निर्देश पर जनता का विश्वास जीतने के लिए शुरू किए गए फुट पेट्रोलिंग अभियान के पहले दिन औपचारिकता निभाई गई। शाम को पुलिस के आला अधिकारियों ने कोतवाली क्षेत्र में गश्त कर लोगों से बात की।
डीजीपी ने प्रत्येक जिले में एक पखवाड़े के लिए विशेष अभियान चालू कराया है, जिसका नाम फुट पेट्रोलिंग है। इसके तहत पुलिस कर्मियों को व्यस्त बाजारों, स्कूलों के आसपास, सार्वजनिक स्थानों पर पैदल पेट्रोलिंग करनी है
ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर और मजबूत हो जाए। शनिवार से अभियान शुरू हो गया। लेकिन, पुलिस की कमी से यह अभियान पहले दिन गति नहीं पकड़ सका।
थानों पर पुलिस कर्मियों की मौजूदगी न के बराबर रही। दरअसल,जिले का फोर्स 22 फरवरी को प्रधानमंत्री के आगमन के चलते वाराणसी भेजा गया है। तमाम पुलिस कर्मियों की ड्यूटी पंचायत उप चुनाव में लगाई गई है।
स्थिति यह थी कि शनिवार को कोतवाली में 90 में से सात, नवाबाद में 82 में से 10, सदर बाजार में 29 में से पांच, सीपरी बाजार में 56 में से सात और प्रेमनगर में 66 में से आठ सिपाही मौजूद थे।
इन हालातों के चलते शनिवार को होने वाली बोर्ड की परीक्षाएं भी राम भरोसे हुईं। डीजीपी के अभियान की रस्म अदायगी के लिए एसपी सिटी गरिमा सिंह देर शाम कोतवाली पहुंचीं। दिन छुपने के बाद उन्होंने बाजार में फुट पेट्रोलिंग की।
एसएसपी ने किया पैदल भ्रमण
शनिवार की देर शाम एसएसपी सभा राज ने कोतवाली क्षेत्र के बाजारों में पैदल भ्रमण किया। एसएसपी ने मानिक चौक, सर्राफा बाजार व बड़ा बाजार का भ्रमण करके व्यापारियों व नागरिकों से मैत्री पूर्ण मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ एसपी सिटी गरिमा सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस चारू निगम, सीओ सिटी कल्याण सिंह व कोतवाली प्रभारी थे।