police damage the bsp candidate property, took her family members
- फोटो : DEHAT
ककरवई। मतदान के दौरान गुरुवार को ग्राम कैरोखर में बवाल के बाद पुलिस ने 50-60 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। इस मामले में पुलिस ने बहुजन समाज पार्टी की जिला पंचायत सदस्य पद की उम्मीदवार सुशीला द्विवेदी के घर पर जाकर तोड़फोड़ की। पुलिस उनके पति, पुत्र और देवर को तीन दिन से थाने में बैठाए है। इससे क्षेत्र के बसपा नेताओं में काफी रोष है। उनका कहना है कि पुलिस सत्ता के दबाव में काम कर रही है। सुशीला ने सीएम समेत अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मतदान के दौरान मतदान केंद्र पर जमकर बवाल हुआ था। मत पेटियां लूट ली गई थी और मत पत्र फाड़कर फेंक दिए गए थे। पत्थरबाजी में कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए थे। घटना की जानकारी मिलने पर डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह हालात को काबू में किया था। एक पीठासीन अधिकारी आशीष गुप्ताने कैरोखर के ही निवासी भैयालाल, मुनेश अहिरवार, बृजेंद्र यादव, मगंदा, मनोज कुमार, जगदेव, नीरज कोरी, राजाराम, जितेंद्र सहित 50 व 60 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक अमित गंगवार ने विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत किया था।
इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी कि जिला पंचायत प्रत्याशी सुशीला द्विवेदी ने सीएम समेत उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि घटना के समय बड़े बेटे ने पुलिस कर्मियों और मतदान कर्मचारियों को भीड़ से बचाकर थाना प्रभारी और उप जिलाधिकारी को फोन किया था। उनका कहना है कि पुलिस े शुक्रवार की रात में एक बजे घर आकर जमकर तोड़फोड़ की। इसके साथ ही पति राम अवतार, पुत्र मोहित और देवर राम भरोसे को उठा ले गई। तीन दिन बाद भी परिजनों को छोड़ा नहीं गया है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुनील अहिरवार ने बताया कि वार्ड संख्या 22 से पार्टी की प्रत्याशी सुशीला देवी के परिजनों को राजनैीतक प्रतिद्वंद्विता के चलते परेशान किया जा रहा है। इस संबंध में सभी पार्टी के पदाधिकारी सोमवार को जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन देकर घटना की जांच करवाने की मांग करेंगे। यदि हमारी आवाज को नहीं सुना गया तो लखनऊ तक पहुंच कर अपनी आवाज उठाएंगे।