झांसी। केंद्र सरकार ने पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के दूसरे चरण को मंजूरी दे दी। इसके जरिए जनपद के 7426 लोगों की अपना घर नसीब हो सकेगा। ब्लॉकवार आवासों का भी आवंटन कर दिया गया है। जल्द ही लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त के तौर पर 50 हजार की धनराशि भेजी जाएगी।
सभी को छत मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना आरंभ हुई। पहले चरण में चिह्नित सभी लाभार्थियोें को आवास दिलाने के बाद अक्तूबर माह में दूसरा चरण आरंभ हुआ। इस चरण में उन लोगों को शामिल किया जाना था, जो पहले चरण में छूट गए थे। करीब 11 हजार लोग चिह्नित हुए। सत्यापन के बाद आवेदकों की सूची पोर्टल पर अपलोड कर दी गई। दूसरे जनपदों में जनवरी माह में ही आवास स्वीकृत कर दिए गए लेकिन, झांसी के लिए आवास स्वीकृति का काम पिछड़ गया। काफी इंतजार के बाद अब जाकर सूची को मंजूरी मिली है। सूची में शामिल 7426 लोगों के नाम आवास के लिए चयनित किए गए हैं। बता दें, इसके जरिए तीन लाख सलाना से कम आय वर्ग के लोगों को मकान के लिए सरकार वित्तीय मदद करती है। सरकार की ओर से लाभार्थियों को ढाई लाख रुपये का अनुदान मिलता है। मकान निर्माण के समय पचास हजार रुपये एवं मकान की नींव के समय डेढ़ लाख रुपये एवं निर्माण कार्य पूर्ण होने पर अंतिम किस्त पचास हजार रुपये की दी जाती है। परिवार की महिला सदस्य को ही योजना का लाभ दिया जाता है। सीडीओ शैलेष कुमार के मुताबिक कुछ लाभार्थियों के खाते में एक किस्त दे दी गई है। जल्द ही अन्य के खाते में भी रकम भेज दी जाएगी।
ब्लॉक वार लाभार्थियोें की संख्या
बबीना 515
बड़ागांव 395
बामौर 989
बंगरा 621
चिरगांव 1137
गुरसराय 1727
मऊरानीपुर 997
मोंठ 1045