ललितपुर। पुलिस लाइन में 14वीं अंतर जनपदीय मल्लखंभ प्रतियोगिता शुक्रवार से शुरू हुई। कानपुर जोन के नौ जनपदों से आई पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन हुई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने करतब दिखाए। यह प्रतियोगिता 18 अक्तूबर तक चलेगी।
कानपुर जोन के कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, कन्नौज, इटावा, औरैया, फतेहगढ़, झांसी और ललितपुर की टीमें ने मल्लखंभ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और बैज लगाए। प्रतिभागी खिलाड़ियों ने बैंड पर राष्ट्रीय धुन के साथ अभिवादन और परेड की। एसपी ने प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों के कोच व खिलाड़ियों से परिचय हासिल किया और खेल भावना का परिचय देने की बात कही। इसके बाद पहले दिन व्यक्तिगत प्रतियोगिता शुरू हुई। खिलाड़ियों ने मल्लखंभ पर एक से बढ़कर एक करतब दिखाए, जिनको देख दर्शक भी रोमांचित हो गए और तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। निर्णायक मंडल ने खिलाड़ियों के करतब और संतुलन के आधार पर अंक दिए। पहले दिन व्यक्तिगत प्रतियोगिता पूरी हुई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी सहित सभी जनपदों के टीम मैनेजर, कोच, खिलाड़ी मौजूद रहे।