संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के तहत मेजर ध्यानचंद स्टेडियम परिसर में जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस पर भारोत्तोलन, कबड्डी, जूडो, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबाॅल, बैडमिंटन जूनियर, सब-जूनियर, सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें झांसी एवं कानपुर मंडल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए।
द्वितीय दिवस की प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि डीआईजी केशव चौधरी व विशिष्ट अतिथि उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या एसएन त्रिपाठी, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, नरेंद्र सिंह यादव, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जमशेर खान, उपनिदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मनोज कुमार द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया गया।
कबड्डी सब जूनियर बालिका वर्ग में फर्रुखाबाद ने प्रथम व कानपुर नगर की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सीनियर बालिका कबड्डी में झांसी ने प्रथम, जालौन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक कबड्डी में झांसी की टीम ने प्रथम एवं इटावा ने द्वितीय स्थान पाया। सीनियर बालक वर्ग कबड्डी में औरैया प्रथम एवं कन्नौज द्वितीय स्थान पर रहा। फुटबॉल सब-जूनियर बालिका वर्ग में कन्नौज ने प्रथम स्थान एवं औरैया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
फुटबाॅल जूनियर एवं सीनियर बालिका वर्ग में कन्नौज ने प्रथम स्थान हासिल किया। फुटबॉल सब-जूनियर बालक वर्ग में कानपुर देहात प्रथम व औरैया की टीम द्वितीय रही। फुटबॉल जूनियर बालक वर्ग में इटावा प्रथम व कन्नौज द्वितीय स्थान पर रही। वहीं, सीनियर बालक वर्ग में कन्नौज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर बैडमिंटन बालिका एकल वर्ग में फर्रुखाबाद की सुचेता प्रथम, बालिका जूनियर वर्ग में पल्लवी प्रथम स्थान, सीनियर वर्ग में दिव्यांशी प्रथम व सब-जूनियर बालक वर्ग में फर्रुखाबाद जिगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन जूनियर बालक वर्ग में कानपुर देहात के प्रांचल प्रथम व सीनियर बालक वर्ग में फर्रुखाबाद के सागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूडो प्रतियोगिता के सब-जूनियर बालिका वर्ग में कानपुर की प्राप्ति ने प्रथम व जूनियर बालिका वर्ग में झांसी की स्वाती सिंह व सीनियर वर्ग में सोनिया प्रथम रहीं। सब जूनियर जूडो बालक वर्ग में झांसी के हर्षित प्रथम, जूनियर बालक वर्ग में कानपुर नगर के साहिल व सीनियर वर्ग में पुनीत प्रथम स्थान पर रहे।
कुश्ती प्रतियाेगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों में सब-जूनियर पुरुष वर्ग के 45 किलो भार वर्ग में झांसी के अमन प्रथम व 51 किलोग्राम भार वर्ग में अनमोल व 55 किलोग्राम भार वर्ग में अजय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग 57 किलोग्राम भार वर्ग में झांसी के दीपक प्रथम, 61 किलोग्राम भार वर्ग में राजदीप प्रथम, 70 किलोग्राम भार वर्ग में कपिल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 57 किलोग्राम सीनियर भार वर्ग में झांसी के राघवेंद्र प्रथम, 61 किलोग्राम भार वर्ग में अशोक प्रथम, 65 किलोग्राम भार सीनियर वर्ग में धीरेंद्र प्रथम, 70 किलोग्राम भार वर्ग में सुधांशु प्रथम व 74 किलोग्राम भार वर्ग में राजाभैया प्रथम स्थान पर रहे। वहीं, सब-जूनियर महिला वर्ग में 40 किलोग्राम भार वर्ग में झांसी की अंशिका ने प्रथम, 43 किलोग्राम भार वर्ग में अंशुका प्रथम व 53 किलोग्राम भार में जूनियर महिला वर्ग में नंदनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भारोत्तोलन प्रतियोगिता में 49 किलोग्राम भार वर्ग में सब जूनियर महिला वर्ग में फर्रुखाबाद की अवंतिका ने प्रथम व 55 किलोग्राम भार वर्ग में सोनम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, 49 किलोग्राम भार वर्ग जूनियर में फर्रुखाबाद की संजना प्रथम रहीं। बालक सब-जूनियर में 49 किलोग्राम भार वर्ग में फर्रुखाबाद के वीरेंद्र व सीनियर वर्ग में शंकर प्रथम स्थान पर रहे। 81 किलोग्राम भार वर्ग में कानपुर नगर के पीयूष ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में संयुक्त विकास आयुक्त ऋषिमुनि उपाध्याय, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार व क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी व कार्यक्रम प्रभारी प्रशांत सिंह जादौन द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
बॉक्स
फोटो
खिलाड़ियों ने अव्यवस्था का लगाया आरोप
मेजर ध्यानचंद स्टेडियम परिसर में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने आए प्रतिभागियों ने आयोजकों पर अव्यवस्था का आरोप लगाया। कहा कि कानपुर मंडल की ओर से आई टीमों के खिलाड़ियों के लिए रात में खाने की उचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके अलावा रात परिसर में खुले में गुजारनी पड़ी। वहीं, शौचालय बंद होने और वहां गंदगी का आरोप लगाया।
वर्जन
- खिलाड़ियों के लिए रात 12:30 बजे तक खाने का प्रबंध किया गया था। जो टीमें सुबह चार बजे के बाद पहुंची, उनको सुबह सात बजे नाश्ता दिया गया। वहीं, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था स्टेडियम परिसर की डोरमेट्री में की गई थी। इसमें रजाई, गद्दे की व्यवस्था की गई और शौचालयों में पानी और सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त रही। - प्रशांत सिंह जादौन, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं कार्यक्रम प्रभारी