जिले से सटे मध्यप्रदेश के लोगों के लिए झांसी से पेट्रोल लेना मुफीद साबित हो रहा है। मध्यप्रदेश के लोगों को पांच किमी पर पेट्रोल 14 रुपये सस्ता मिल जाता है। जिले में मध्यप्रदेश के मुकाबले पेट्रोल 14 रुपये सस्ता होने से मध्यप्रदेश के लोग यहां पहुंच रहे हैं। इसके पेट्रोल के दामों में इजाफा होने के बाद जिले में पेट्रोल की 20 फीसदी खपत बढ़ गई है। बुधवार को जिले के सीमावर्ती पेट्रोल पंपों पर मध्यप्रदेश के वाहन काफी नजर आए।
जिले की सीमा चारों ओर से मध्यप्रदेश से लगी हुई है। झांसी के रक्सा बॉर्डर स्थित डगरवाहा पेट्रोल पंप से मध्यप्रदेश की सीमा दो किमी बाद लग जाती है। वहीं उनाव बालाजी रोड पर महज पांच किमी दूर मध्यप्रदेश बॉर्डर पर पेट्रोल पंप है। इसके साथ ही झांसी निवाड़ी मार्ग पर मध्यप्रदेश की सीमा से महज तीन किमी पहले बरुआसागर झरने के पास पेट्रोल पंप है। जबकि ग्वालियर हाईवे पर झांसी के चिरुला बॉर्डर से मध्यप्रदेश की सीमा पांच किमी है। इन सीमावर्ती इलाकों पर करीब 20 पेट्रोल पंप है।
मध्यप्रदेश में डीजल के रेट 97.72 रुपये और पेट्रोल के रेट 114.15 रुपये है। वहीं उत्तर प्रदेश में डीजल के रेट 92.66 रुपये और पेट्रोल का रेट 100.93 रुपये है। ऐसे में जिले के सीमावर्ती मध्यप्रदेश से प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में लोग अपनी बाइक, ट्रैक्टर और माल वाहन से डीजल-पेट्रोल लेने झांसी के पंपों पर आते हैं। यहां तक कि उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के बीच चलने वाली बसों और ट्रकों में भी मऊरानीपुर के पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया जाता है।
मध्यप्रदेश के भांडेर निवासी अमित कुमार का कहना है कि उत्तर प्रदेश में मध्यप्रदेश की अपेक्षा कीमतों में भारी अंतर होने के कारण यहां से डीजल पेट्रोल लेने के लिए आना पड़ता है। उमेश कुमार कहते हैं कि बढ़ती महंगाई के कारण वैसे भी लोग परेशान हैं। यहां से काफी राहत मिल जाती है। मध्यप्रदेश के लोगों के आने के कारण मऊरानीपुर के पेट्रोल पंपों पर हमेशा भीड़ बनी रहती है। वहीं चिरगांव स्थित पेट्रोल पंप पर भी मध्यप्रदेश के काफी वाहन पहुंचते हैं।
101 रुपये पहुंच गया पेट्रोल
बुधवार को भी पेट्रोल डीजल के दामों में इजाफा किया गया। अब बृहस्पतिवार को पेट्रोल का नया दाम 101.73 रुपये और डीजल का दाम 93.46 रुपये होगा। बीते नौ दिनों में लगातार आठवीं बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए हैं।
मध्यप्रदेश के मुकाबले उत्तर प्रदेश में पेट्रोल डीजल के दाम काफी कम रहते हैं। इसके चलते मध्यप्रदेश की सीमा से लगे पेट्रोल पंप पर वहां के वाहन पहुंचते हैं। अब जैसे-जैसे दाम लगातार बढ़ रहे हैं, तो खपत भी बढ़ रही है। मऊरानीपुर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर मध्यप्रदेश के वाहन अधिक पहुंचते हैं।
राजीव बब्बर, अध्यक्ष, झांसी पेट्रोल पंप एसोसिएशन