ललितपुर। शुक्रवार की शाम बानपुर थाना क्षेत्र के मोगान गांव में जुआ पकड़ने गई पुलिस को देख डर से भागा एक युवक कुआं में गिर गया। इस कारण उसकी मौत हो गई।
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी सौरभ अहिरवार (23) अपने दोस्त संजय के साथ रिश्तेदारी में कैलगुवां चौकी के अंतर्गत मोगान गांव में आया था। देर शाम वह अपने दोस्त के साथ लौट रहा था। गांव में एक जगह जुआ चल रहा था। सौरभ के मामा टीकमगढ़ निवासी वीरेंद्र अहिरवार ने बताया कि इसी दौरान वहां पुलिस ने जुआ के फड़ पर दबिश दी। पुलिस को देख जुआ खेलने वाले भागे। पुलिस आने का शोर होने पर सौरभ और उसका साथी भी भागा। इस दौरान सौरभ कुआं में गिर गया। यह जानकारी होने पर मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस ने सौरभ को कुआं से निकाला। उसे जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।