तालबेहट। विद्यालयों में प्रवेश एवं अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता लोगों के लिए परेशानी का सबब साबित हो रही है। इसके चलते प्रतिदिन नगर के एक मात्र डाकघर में सुबह से शाम तक भारी संख्या में आधार कार्ड बनवाने और ठीक कराने वालों की भीड़ रहती है। हैरत की बात तो यह है कि अन्य सेंटरों पर बगैर सुविधा शुल्क के काम न लेने का आरोप लगने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सरकार ने विद्यालयों में प्रवेश सहित अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ, बैंकों से लेन देन, रजिस्ट्री आदि के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया है। इस समय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। जिसके चलते लोग नए-नए आधार कार्ड और कुछ आधार कार्डों में कमियां मिलने पर उन्हें ठीक कराने के लिए आ रहे हैं। इस कार्य के लिए बीआरसी और टेलीफोन एक्सचेंज को जिम्मेदारी दी गई है लेकिन आरोप है कि वहां पर सुविधा शुल्क मांगा जाता है यदि उसकी पूर्ति नहीं की तो आवेदकों को कमियां बताकर चलता कर दिया जाता है। जिससे पूरे समय डाकघर में लोगों की भीड़ रहती है।