झांसी। जनपद के सभी क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों में मतदान के दौरान शांति रही। किसी बूथ पर कोई हंगामा नहीं हुआ। इन बूथों की निगरानी हर आधे घंटे पर वरिष्ठ पुलिस अफसर खुद करते रहे।
जनपद में कुल 196 क्रिटिकल एवं 19 वल्नरेबल बूथ चिन्हित थे। इनमें सदर सीट पर प्राथमिक विद्यालय मैरी भाग एक एवं दो, कोछा भांवर, भगवंतपुरा एवं भट्टागांव में गड़बड़ी की आशंका थी। बबीना विधानसभा में बुढ़पुरा, पालर एवं लकारा में भी संभावना जताई जा रही थी। इसे देखते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सुबह मतदान आंरभ होने के बाद मतदाता जुटने शुरू हो गए। मतदान के बाद बूथ के पास किसी को ठहरने नहीं दिया जा रहा था। अर्ध सैनिक बल के जवानों ने इसकी कमान खुद संभाल रखी थी। इन केंद्रों के बाहर स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। आसपास की सभी दुकानें बंद करा दी गई थीं। यहां बाहर भी लोगों को खड़ा होने नहीं दिया गया। हर आधे घंटे पर अफसर भी जायजा ले रहे थे। इसकी लखनऊ में रिपोर्ट भेजी जा रही थी। केंद्र पर ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी हो रही थी। इन केंद्रों में भारी पुलिस बल के होने से यहां कोई भी गड़बड़ी करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। निगरानी के लिए पुलिस ने पूरे जनपद को 142 सेक्टरों में बांटा था। वहीं, मतदान के शांतिपूर्ण तरीके से निपट जाने पर पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली।